अफ्रीका में फंसे झारखंड के 48 मजदूर, तीन महीने से वेतन नहीं; सरकार से मांगी वतन वापसी की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची, 01 नवंबर। झारखंड के तीन जिलों के 48 मजदूर अफ्रीका के ट्यूनीशिया में फंसे हुए हैं। इन मजदूरों को पिछले तीन महीने से कंपनी की ओर से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उनके सामने भोजन और रहन-सहन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

फंसे हुए मजदूरों ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा है, “हम यहाँ बहुत बुरी हालत में हैं। कंपनी ने हमारा वेतन रोक दिया है और हमारे पास खाने तक के पैसे नहीं बचे हैं। हम बस किसी तरह अपने घर वापस लौटना चाहते हैं।” उन्होंने अपने बकाया वेतन के भुगतान और शीघ्र वतन वापसी की मांग की है।

प्रभावित मजदूरों में हजारीबाग जिले के 19, गिरिडीह के 14 और बोकारो जिले के 15 मजदूर शामिल हैं। इन सभी मजदूरों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं, जिनमें हजारीबाग के अमरदीप चौधरी, गिरिडीह के नंदलाल महतो और बोकारो के अजय कुमार जैसे नाम प्रमुख हैं।

यह घटना झारखंड के प्रवासी मजदूरों की लगातार बढ़ती समस्याओं की एक और कड़ी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पिछले छह महीने में साउथ अफ्रीका के नाइजर से बगोदर क्षेत्र के पांच मजदूरों का अपहरण किया गया था, जिनका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।

मजदूरों के परिजनों ने राज्य सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने और मजदूरों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। इस मामले में अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विदेश मंत्रालय से भी इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें