पाकुड़िया।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित वार्षिक मैट्रिक परीक्षा के तहत शनिवार को सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा पाकुड़िया प्रखंड के तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कुल 1052 परीक्षार्थियों में से 1046 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि छह परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय, पाकुड़िया परीक्षा केंद्र में कुल 595 परीक्षार्थियों में से 592 उपस्थित रहे तथा तीन अनुपस्थित पाए गए। वहीं चौकिशाल उत्क्रमित उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र में 131 में से 128 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और तीन अनुपस्थित रहे। पीएम श्री कन्या उच्च विद्यालय, पाकुड़िया परीक्षा केंद्र में सभी 326 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर दंडाधिकारी रोहित गुप्ता एवं अमर कुमार पुलिस पदाधिकारियों व सशस्त्र बल के साथ मुस्तैद रहे। इसके अलावा मेडिकल टीम के रूप में सीएचओ विनोद कुमार ढाका सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी सतर्कता के साथ तैनात थे।
इधर, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई।








