नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन सतर्क ,एसपी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



राजमहल। आगामी निकाय चुनाव ( नगर पंचायत ) चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह  ने की। इस अवसर पर डीएसपी विजय कुशवाहा , विमलेश त्रिपाठी सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।


बैठक में साहिबगंज नगर पंचायत एवं राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर अग्रिम कार्रवाई, वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब एवं हथियारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा नियमित गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए।


साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यक होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक कर आमजनों से संवाद स्थापित करने तथा स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण चुनाव कराना है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जिले में चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति तैयार कर ली गई है।

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता जितेन्द्र सेन

Leave a Comment

और पढ़ें