झारखंड में 1 नवंबर तक जारी रहेगी बारिश, 2 नवंबर से बढ़ेगी ठंड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची । चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के प्रभाव के कारण झारखंड में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राज्य के कई जिलों में 1 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 2 नवंबर के बाद मौसम साफ होने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ में 75.0 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सर्वाधिक है।

किसानों के लिए चिंता का कारण

लगातार हो रही बारिश से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। जयनगर (कोडरमा) कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि यह बारिश धान की फसल के लिए हानिकारक साबित हो रही है। उन्होंने कहा, “बारिश से खेतों में खड़ी पकी फसल झुक जाएगी, जिससे उसमें अंकुरण का खतरा बढ़ जाता है। जिन किसानों ने कटाई कर फसल को खेतों या खुले में रखा है, उन्हें भी नुकसान की आशंका है।”

ठंड में होगी वृद्धि

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 नवंबर के बाद आसमान साफ होते ही रात के तापमान में गिरावट आएगी। रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हिमालय में बर्फबारी होने पर नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और बढ़ने की संभावना है।

राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं खेतों में पानी भरने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें