साहिबगंज। : जिले में जारी नगर पालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी रहा। दोपहर 1:00 बजे तक प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार तीनों शहरी निकायों में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

सूचना भवन, साहिबगंज से जारी रिपोर्ट के मुताबिक अपराह्न 1:00 बजे तक नगर परिषद, साहिबगंज में 33.19 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं नगर पंचायत, राजमहल में 44.21 प्रतिशत तथा नगर पंचायत, बरहरवा में 45.53 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। महिला, पुरुष एवं युवा मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान केंद्रों पर पहुंचे। कई केंद्रों पर बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार मतदान निर्धारित समय तक जारी रहेगा और शाम तक प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।
— #टीम संथाल हूल एक्सप्रेस









