तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन का शौचालय बंद, ट्रेनों के परिचालन बाधित होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



तीनपहाड़। साहिबगंज–बरहरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने का असर बुधवार को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर साफ दिखाई दिया। एक ओर ट्रेनें रद्द और परिचालन बाधित रहा, वहीं दूसरी ओर स्टेशन का शौचालय बंद रहने से यात्रियों को मूलभूत सुविधा के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी।



सुबह से ही स्टेशन पर गोड्डा, महागामा, जसीडीह समेत दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे कई यात्री ट्रेन का इंतजार करते नजर आए। कई यात्रियों को ट्रेनों के रद्द होने और परिचालन में बदलाव की पूरी जानकारी नहीं थी। जानकारी लेने के बाद कुछ यात्री निराश होकर वापस लौटते दिखे। कोई बरहरवा जाने के लिए पहुंचा था, तो कोई फरक्का और मालदा की ओर जाने की तैयारी में था। वहीं वर्धमान और रामपुरहाट जाने वाले यात्रियों को भी ट्रेन नहीं मिलने के कारण परेशानी हुई।

शौचालय बंद रहने से महिला और बुजुर्ग यात्रियों को अधिक परेशानी


स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और ट्रेन परिचालन में बदलाव के बीच शौचालय बंद रहने से यात्रियों की समस्या और गंभीर हो गई। लंबे समय तक स्टेशन पर रहने वाले यात्रियों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल सकी। खासकर महिला, बुजुर्ग और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने स्टेशन पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को चालू रखने की मांग की।

सूचना के अभाव में स्टेशन पहुंचे यात्री

यात्रियों ने बताया कि ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग परिवर्तन की जानकारी पहले से स्पष्ट रूप से नहीं मिल पाने के कारण वे स्टेशन पहुंच गए। यात्रियों का कहना था कि ऐसी स्थिति में स्टेशन पर रेलवे की ओर से विशेष सूचना व्यवस्था और जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए था, ताकि दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को बेवजह स्टेशन तक नहीं आना पड़े।

टोटो-टेंपो किराया बढ़ने की भी शिकायत

ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग से अपने गंतव्य तक जाने के लिए टोटो और टेंपो का सहारा लेना पड़ा। यात्रियों के अनुसार, इस दौरान टोटो-टेंपो चालकों द्वारा किराया बढ़ाए जाने की शिकायत भी सामने आई। ट्रेन नहीं मिलने के कारण मजबूरी में वैकल्पिक वाहन का सहारा लेने वाले यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना पड़ा।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि तीनपहाड़ स्टेशन पर शौचालय को तत्काल चालू कराया जाए, ट्रेनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए और परिचालन बाधित रहने तक यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें