संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पलामू: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय मजदूर अंजनी पासवान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सेमरी गांव निवासी श्यामदेव पासवान के पुत्र अंजनी पासवान गांव में ही कृष्णा प्रसाद के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के संपर्क में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़े।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। परिजन उन्हें तत्काल मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूर करंट की चपेट में कैसे आया।









