महीनों से अंधेरे में महेशपुर-पाकुड़िया के 12 गांव, ट्रांसफार्मर बदलने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



महेशपुर/पाकुड़िया। महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में महीनों से बाधित बिजली आपूर्ति को लेकर महेशपुर विधायक सह झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति प्रो. स्टीफन मरांडी ने पहल की है। उन्होंने साहिबगंज विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर खराब और चोरी हुए ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने की मांग की है। विधायक ने पत्र में बताया है कि क्षेत्र के गांवों का भ्रमण करने के दौरान बिजली समस्या की जानकारी मिली। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर जलने अथवा चोरी होने के कारण ग्रामीण पिछले कई महीनों से बिजली के अभाव में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से प्राथमिकता के आधार पर नए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया है।



पत्र के अनुसार डोमनगाड़िया पंचायत के मधुपुर, रोलाग्राम के घाटचोरा, खजूरडांगा के विशुनपुर बाद टोला, बसंतपुर के खांगाचुंआ प्रधान टोला, मोंगलाबांध के देवीडुबा माझी टोला, गणपुरा के दुमीबरमासिया प्रमाणिक टोला, बासेतकुण्डी के बासेतकुण्डी लातार टोला और खाक्सा पंचायत के माटियाचुंआ झरला टोला में ट्रांसफार्मर खराब या चोरी होने की समस्या है। वहीं सीतारामपुर पंचायत के सिन्दरी और दांतयारपोखर गांव तथा गायबथान पंचायत के निझोर कमार टोला और निझोर चेतान टोला भी प्रभावित हैं। इन सभी स्थानों पर वर्तमान में लगे 10 केवीए, 16 केवीए और 25 केवीए के ट्रांसफार्मरों के स्थान पर 25 केवीए के नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई है। विधायक ने विभाग से ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें