दुमका को नई ट्रेनों की सौगात देने की मांग, सीता सोरेन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुमका: जामा की पूर्व विधायक एवं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने दुमका क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने दुमका रेलवे स्टेशन से नई ट्रेनों के परिचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है।

सीता सोरेन ने कहा कि दुमका संताल परगना प्रमंडल का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ धार्मिक, ऐतिहासिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद दुमका से देश के प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

उन्होंने दुमका से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने की मांग की है। इसके अलावा आसनसोल/रामपुरहाट-जसीडीह रूट पर भी नई एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन का आग्रह किया है। उनका कहना है कि नई ट्रेनों के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

श्रावणी मेले के दौरान स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग

सीता सोरेन ने पत्र में सावन माह का भी विशेष रूप से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ और बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए संताल परगना पहुंचते हैं। ऐसे में श्रावणी मेले के दौरान देश के प्रमुख शहरों से दुमका तक विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाना चाहिए।

उन्होंने वर्तमान ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की भी मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा मिल सके और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।

यात्री सुविधाओं के विस्तार का आग्रह

पूर्व विधायक ने रेल मंत्री से जनहित को प्राथमिकता देते हुए दुमका रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने और नई ट्रेनों के परिचालन को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि संताल परगना के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें