कोडरमा में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-पेट दर्द की शिकायत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

कोडरमा: जिले के मरकच्चो प्रखंड के जामु स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद करीब 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है।

भोजन के बाद बच्चों को होने लगी परेशानी

जानकारी के अनुसार, बुधवार को विद्यालय में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी बनाई गई थी। भोजन करने के कुछ देर बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। उस दिन विद्यालय में कुल 62 बच्चे उपस्थित थे, जिनमें से 48 की तबीयत बिगड़ने की सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। भोजन तैयार करने वाली रसोइया ने भी तबीयत खराब होने की शिकायत की और इलाज के लिए अस्पताल पहुंची।

शिक्षा विभाग और प्रशासन ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग और प्रखंड प्रशासन के अधिकारी विद्यालय तथा अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और मामले की पड़ताल शुरू की।

जांच के बाद स्पष्ट होगा बीमारी का कारण

जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य है। उन्होंने प्रारंभिक आशंका जताई कि चावल ठीक से नहीं पका होने के कारण बच्चों को परेशानी हुई होगी। हालांकि, भोजन में पुराने चावल के इस्तेमाल की बात की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें