पाकुड़ में स्वच्छता ही सेवा अभियान: DAV के छात्रों ने श्रमदान कर भरे सड़क के गड्ढे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकुड़: जिले के गोकुलपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार सुबह ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत श्रमदान कर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। विद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत चक्रवर्ती के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान गोकुलपुर मोड़ और विद्यालय के आसपास साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही गोकुलपुर मुख्य सड़क पर बने गड्ढों को भी श्रमदान के जरिए भरा गया। विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों ने मिलकर सड़क की मरम्मत का कार्य किया।

दुर्घटनाओं से बचाव के लिए की पहल

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सड़क पर बने गड्ढों के कारण आवागमन के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसे देखते हुए सड़क की मरम्मत की पहल की गई, ताकि डीएवी समेत आसपास के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और आम लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।

स्वच्छता के प्रति लोगों को किया जागरूक

अभियान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता के साथ-साथ सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें