पलामू टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ, किला कमलदह सर्किट भी पर्यटकों के लिए खुला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पलामू: तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद पलामू टाइगर रिजर्व के बेतला नेशनल पार्क को गुरुवार से पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया। इसके साथ ही नए पर्यटन सत्र और विभिन्न ईको-टूरिज्म स्थलों का औपचारिक शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, डिप्टी डायरेक्टर (नॉर्थ), प्रभागीय वनाधिकारी समेत वन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय बच्चियों और ‘बाघ-दीदियों’ ने फीता काटकर पार्क को पर्यटकों के लिए खोला।

किला कमलदह सर्किट की शुरुआत

नए पर्यटन सत्र में पर्यटकों के लिए किला कमलदह सर्किट की शुरुआत की गई है। बाइसन गेट के साथ इस सर्किट का संचालन केवल ओपन गाइडेड सफारी के माध्यम से किया जाएगा। इससे स्थानीय गाइड, ड्राइवर और सफारी ऑपरेटरों को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

अब ऑनलाइन होगी ईको-टूरिज्म और सफारी की बुकिंग

पलामू टाइगर रिजर्व में नेतरहाट से केचकी तक विभिन्न ईको-टूरिज्म स्थलों और सफारी की बुकिंग ऑनलाइन करने की सुविधा शुरू की गई है। इससे पर्यटक घर बैठे सफारी और पर्यटन स्थलों की बुकिंग कर सकेंगे।

स्थानीय व्यंजनों को भी मिलेगा बढ़ावा

पर्यटकों को झारखंड के पारंपरिक खान-पान से जोड़ने के लिए स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने की तैयारी है। इसके तहत जल्द ही ‘महुआ टपरी’ और किला चेकनाका के आसपास स्थानीय व्यंजनों की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

प्लास्टिक मुक्त रहेगा पूरा पार्क

नए पर्यटन सत्र में पलामू टाइगर रिजर्व को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र के रूप में संचालित करने पर जोर दिया गया है। पार्क में प्लास्टिक लेकर आने वाले पर्यटकों से कॉशन मनी ली जाएगी, जिसे कचरा नहीं फैलाने की पुष्टि के बाद वापस किया जाएगा। कचरा फैलाने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान रहेगा। वन्यजीवों को खाना खिलाने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

CCTV और QR असिस्टेंट से बढ़ेगी सुरक्षा

पर्यटकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए पार्क के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ‘क्विक QR असिस्टेंट’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पर्यटक QR कोड स्कैन कर व्हाट्सऐप के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। किसी समस्या, सुझाव या शिकायत की स्थिति में यह सुविधा तत्काल सहायता पहुंचाने में मदद करेगी।

वन विभाग ने पर्यटकों से पार्क के नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और वन्यजीवों एवं प्राकृतिक वातावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है। नई सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ इस पर्यटन सत्र में पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने की तैयारी की गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें