संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जामताड़ा: जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में प्रेम-प्रसंग का मामला चर्चा में है। यहां प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में बातचीत हुई। युवक-युवती की सहमति के बाद गांव के काली मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का विवाह करा दिया गया।
प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, दुमका जिले के कुंजबोना निवासी युवक का पोखरिया गांव की एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जाता है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पोखरिया स्कूल के पास पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ी और उन्होंने उन्हें रोककर युवती के परिजनों को सूचना दी।
दोनों की सहमति के बाद शादी का फैसला
सूचना मिलने पर युवती के परिजन और गांव के प्रबुद्ध लोग मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान युवक और युवती ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों की सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
काली मंदिर में संपन्न हुआ विवाह
गांव स्थित काली मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दोनों की शादी कराई गई। विवाह संपन्न होने के बाद युवक अपनी नवविवाहिता पत्नी को साथ लेकर वहां से रवाना हो गया।
इलाके में चर्चा का विषय बनी शादी
स्थानीय लोगों के अनुसार, फतेहपुर क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के बाद विवाह के ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पोखरिया गांव में हुई इस शादी की चर्चा आसपास के इलाकों में भी हो रही है।









