गिरिडीह: गिरिडीह के चाइना मोड़ स्थित वेंकटेश्वर प्लांट में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में प्लांट कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनबाद जिले के निरसा निवासी राज किशोर सिन्हा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से प्लांट में काम कर रहे थे और प्लांट परिसर स्थित कुटिया मंदिर गेस्ट हाउस में रहते थे।
परिजनों के अनुसार, देर रात थाना से सूचना मिलने के बाद वे प्लांट पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि रेक से माल खाली कराने के दौरान राज किशोर सिन्हा टॉर्च की रोशनी से हाईवा चालक को वाहन साइड करने का संकेत दे रहे थे। इसी दौरान वह हाईवा की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
शव को बोरे में रखकर अस्पताल भेजने का आरोप
हादसे के बाद शव को कथित तौर पर बोरे में रखकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाने के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। मृतक के परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि प्लांट परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद शव को बोरे में भरकर अस्पताल भेजा गया, जो बेहद संवेदनहीन और अमानवीय व्यवहार है।
मुआवजा और निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद बार एसोसिएशन के महासचिव और भाजपा नेता चुन्नू कांत तथा माले नेता राजेश सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्लांट प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतक के भांजे आयुष रंजन ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने प्लांट प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।









