जमशेदपुर: जमशेदपुर में रंगदारी और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर का है, जहां रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने एक दुकानदार पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दुकानदार मिथुन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
रंगदारी मांगने का विरोध करने पर हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक दुकानदार की दुकान पर पहुंचे और उससे रंगदारी की मांग की। दुकानदार द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपियों ने चापड़ से हमला कर दिया। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से भागने लगे।
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक आरोपी नंदू लोहार को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
राहुल भुइयां हत्याकांड से भी जोड़कर जांच कर रही पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हमले का संबंध करीब एक साल पहले हुए राहुल भुइयां हत्याकांड से भी जोड़कर देख रही है। 29 अगस्त 2025 को छायानगर में राहुल भुइयां की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं दुकानदार पर हुआ यह हमला पुराने विवाद से जुड़ा तो नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।









