बोरियो के डऊ टोला में बारिश के बीच खाट पर गर्भवती को लेकर निकले ग्रामीण, मुख्य सड़क तक नहीं पहुंच सकी एंबुलेंस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड की चसगांवा पंचायत स्थित डऊ टोला से स्वास्थ्य व्यवस्था और सड़क सुविधा की बदहाल तस्वीर सामने आई है। गांव में पक्की सड़क नहीं होने के कारण प्रसव पीड़ा से कराह रही 25 वर्षीय मुन्नी टुडू को परिजनों और ग्रामीणों ने खाट पर लादकर करीब दो किलोमीटर तक बारिश के बीच पैदल पहुंचाया।

बताया गया कि 20 जुलाई को सुनील हेंब्रम की पत्नी मुन्नी टुडू को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरन ग्रामीणों ने महिला को खाट पर उठाया और करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तेलो तक पहुंचे। इसके बाद टोटो की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण मरीजों को अक्सर इसी तरह खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। बारिश के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण समस्या और भी गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में सड़क निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी गर्भवती महिला या गंभीर मरीज को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

और पढ़ें