बच्चा चोरी से बचाव को लेकर आरपीएफ की पहल, तीनपहाड़ के स्कूलों में बच्चों को दी सुरक्षा की सीख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



नीलम चिल्ड्रेन’स एकेडमी समेत विभिन्न स्कूलों में चला जागरूकता अभियान, अनजान लोगों से सावधान रहने की दी सीख




तीनपहाड़। बच्चों की सुरक्षा को लेकर बरहरवा आरपीएफ की ओर से तीनपहाड़ और आसपास के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बच्चों को बच्चा चोरी की घटनाओं से सतर्क रहने, अनजान लोगों के साथ नहीं जाने और रेलवे परिसर व ट्रेन में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में नीलम चिल्ड्रेन’स एकेडमी में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आरपीएफ एएसआई जेके दुबे एवं हेड कांस्टेबल पीके लकड़ा ने बच्चों से संवाद करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। आरपीएफ पदाधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के बुलाने पर उसके साथ कहीं नहीं जाएं। यदि कोई अपरिचित व्यक्ति खाने-पीने की कोई वस्तु देता है तो उसे स्वीकार कर उसका सेवन नहीं करें। ट्रेन से यात्रा के दौरान भी अपने आसपास के लोगों और सामान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई।

हालिया घटना के बाद बढ़ी जागरूकता की जरूरत

गौरतलब है कि हाल ही में रांची से लापता चार वर्षीय बच्चे की बरामदगी तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा क्षेत्र से हुई थी। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और उनकी निगरानी को लेकर अभिभावकों का ध्यान खींचा है। ऐसे समय में आरपीएफ की ओर से स्कूलों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान बच्चों को सुरक्षा के प्रति सजग करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



अभियान के दौरान बच्चों को यह संदेश दिया जा रहा है कि सावधानी डरने के लिए नहीं, सुरक्षित रहने के लिए जरूरी है। बच्चों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या परिस्थिति की जानकारी तुरंत अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को देने की सलाह दी गई। आरपीएफ की ओर से तीनपहाड़ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी बच्चों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बच्चों को रेलवे परिसर, ट्रेन यात्रा और रोजमर्रा की परिस्थितियों में संभावित जोखिमों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर अशोक भारती, प्रधानाचार्य अभय भारती, आरपीएफ पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

#तीनपहाड़ #बच्चाचोरी #आरपीएफ #जागरूकताअभियान #बरहरवा #साहिबगंज #बालसुरक्षा #रेलवेसुरक्षा

Leave a Comment

और पढ़ें