संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार हो गए। पीड़ित मो. आजम के अनुसार, वे देर शाम दुकान बंद कर घर लौटते समय भंडारीडीह स्थित स्वर्ण सिनेमा के पास झारखंड फास्ट फूड नामक दुकान से बिरयानी का पार्सल लेकर आए थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा के साथ बिरयानी खाई। कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी व पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
परिजनों ने तुरंत तीनों को गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुकानदार पर खराब बिरयानी देने का आरोप
मो. आजम ने आरोप लगाया है कि दुकानदार ने खराब या विषाक्त बिरयानी दी, जिसके कारण उनकी पत्नी और बेटे समेत तीनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि घर में कुल नौ सदस्य हैं, लेकिन बिरयानी केवल तीन लोगों ने ही खाई थी और बीमार भी वही हुए।
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार तीनों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने खाद्य दुकानों की नियमित जांच कराने तथा लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









