जमशेदपुर में रंगदारी के लिए फायरिंग, SSP की क्राइम मीटिंग के बीच बदमाशों ने दी पुलिस को चुनौती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शनिवार को एक ओर एसएसपी जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर गोलमुरी के टिनप्लेट सब्जी बाजार में बदमाशों ने रंगदारी को लेकर हवाई फायरिंग कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी।

रंगदारी नहीं देने पर की हवाई फायरिंग

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। बदमाशों ने गोलमुरी सब्जी बाजार में एक दुकानदार को निशाना बनाते हुए हवाई फायरिंग की। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन फायरिंग की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों और खरीदारी कर रहे लोगों में दहशत फैल गई।

एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप

पीड़ित दुकानदार मोथु राम ने आरोप लगाया कि उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। उनका आरोप है कि बाजार के पास स्थित खालसा बस्ती निवासी करण रंगदारी की मांग कर रहा है।

दुकानदार के अनुसार, शुक्रवार शाम भी करण ने फोन कर एक लाख रुपये मांगे थे। जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तब दोबारा धमकी भरा फोन आया। फोन पर करण के एक साथी ने रंगदारी नहीं देने पर उन्हें और उनके भाई को जान से मारने की धमकी दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल घटनास्थल से खोखा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें