संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
दुमका: जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में शनिवार को फर्जी पुलिस बनकर एक विधवा महिला से वसूली करने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। दोनों आरोपी खुद को देवघर के सारठ थाना की पुलिस बताकर महिला को झांसा देने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे।
महिला के बेटे को हुआ शक, पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, निरंजन गोराई अपनी मां के साथ रहते हैं। आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियों पर उन्हें शक हुआ। उन्होंने बिना हंगामा किए मसलिया थाना पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी।
निरंजन ने बताया कि दोनों युवक चारपहिया वाहन से उनकी दुकान पर पहुंचे थे। वे खुद को सारठ थाना की पुलिस बताकर पूछताछ के नाम पर रौब झाड़ रहे थे और दबाव बनाने का प्रयास कर रहे थे।
ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पुलिस को सौंपा
सूचना मिलने पर मसलिया थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनके भागने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने दोनों को बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया।
पूछताछ जारी, हर पहलू की जांच
मसलिया थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फर्जी पुलिस बनकर वसूली की कोशिश नाकाम हो गई और संभावित बड़ी घटना टल गई।









