CUJ के लिए गौरव का क्षण: जनसंचार विभाग के दो छात्रों का NHPC में चयन, 15 लाख सालाना पैकेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस | डेस्क

रांची/झारखंड : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (Central University of Jharkhand – CUJ) के लिए यह गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन भारत सरकार के प्रतिष्ठित नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम राष्ट्रीय जलविद्युत निगम (NHPC) में हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को ट्रेनी ऑफिसर (पब्लिक रिलेशंस) के पद पर नियुक्ति मिली है, जहां उन्हें लगभग 15 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा।

जनसंचार विभाग के शोधार्थी शुभम सिंह एवं विभाग की पूर्व छात्रा प्रीति कुमारी का चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। गौरतलब है कि एनएचपीसी विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत एक नवरत्न कंपनी है और देश की सबसे बड़ी जलविद्युत उत्पादक संस्था मानी जाती है।

शुभम सिंह का सफर

शुभम सिंह वर्तमान में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग से डॉ. अमृत कुमार, सहायक प्राध्यापक के निर्देशन में पीएचडी कर रहे हैं। उन्होंने यूजीसी-नेट जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनकी प्रारंभिक नियुक्ति जम्मू-कश्मीर के रियासी स्थित सलाल जलविद्युत परियोजना में की गई है। इससे पूर्व शुभम जनसंपर्क के क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं।

प्रीति कुमारी की उपलब्धि

प्रीति कुमारी जनसंचार विभाग की पूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने वर्ष 2016 से 2021 के दौरान जनसंचार में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स पूरा किया है। उनकी प्रारंभिक नियुक्ति बालूतार, पूर्वी सिक्किम स्थित तीस्ता-V (Teesta-V) पावर स्टेशन में की गई है। प्रीति ने भी कई बार यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इससे पहले उन्होंने CSRBOX, अहमदाबाद में कम्युनिकेशन एसोसिएट तथा बाल कल्याण संघ (एनजीओ), रांची में कम्युनिकेशन एवं डॉक्यूमेंटेशन ऑफिसर के रूप में कार्य किया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने दोनों चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय बल्कि जनसंचार विभाग के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विभाग और प्राध्यापकों के योगदान की सराहना की।

विभागाध्यक्ष प्रो. देवव्रत सिंह एवं विश्वविद्यालय के मुख्य करियर डेवलपमेंट अधिकारी प्रो. देवदास लाटा ने भी इस सफलता पर खुशी जताते हुए दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन

विश्वविद्यालय के करियर डेवलपमेंट अधिकारी डॉ. सुदर्शन यादव ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में राष्ट्रीय स्तर पर कुल 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिनमें से दो चयन CUJ से हुए हैं। चयन प्रक्रिया यूजीसी-नेट जेआरएफ स्कोर के आधार पर शुरू होती है, जिसके बाद ग्रुप डिस्कशन, साइकोमेट्रिक टेस्ट, पर्सनैलिटी रिव्यू, प्रॉब्लम सॉल्विंग एटीट्यूड और साक्षात्कार के माध्यम से अंतिम चयन किया जाता है।

यह नियुक्ति E-2 लेवल पर हुई है, जिसमें ₹50,000 बेसिक से ₹1,60,000 तक मासिक वेतन एवं लगभग 15 लाख रुपये वार्षिक पैकेज दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें