अभ्यर्थियों के भूख हड़ताल पर बैठने के बाद आया नतीजा, अब 64 पदों के लिए होगा साक्षात्कार
रांची। लंबे इंतजार और अभ्यर्थियों के लगातार दबाव के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने आखिरकार बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) भर्ती की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा के आयोजन के करीब 16 महीने बाद घोषित इस परिणाम में 163 अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए किया गया है। इनमें से अंतिम रूप से कुल 64 पदों पर नियुक्ति होनी है, जिनमें 32 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
परीक्षा का कालक्रम:
यह भर्तीप्रक्रिया वर्ष 2023 के विज्ञापन के तहत शुरू हुई थी। आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा 10 जून 2024 को आयोजित की थी, जिसका परिणाम 15 जुलाई 2024 को आया। इसके बाद 2 से 4 अगस्त 2024 के बीच मुख्य परीक्षा ली गई। मुख्य परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थी परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
अभ्यर्थियों का आक्रोश और भूख हड़ताल:
रिजल्ट मेंलगातार हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से विभिन्न तरीकों से अपना विरोध जता रहे थे। उनका आरोप था कि इस देरी से उनका करियर अटका हुआ है और भविष्य अनिश्चितता में है। इसी आक्रोश के चलते अभ्यर्थियों के एक समूह ने सोमवार से रांची में धरना-भूख हड़ताल शुरू कर दी थी और तत्काल परिणाम जारी करने की मांग कर रहा था।
अब क्या होगा आगे?
अभ्यर्थियोंके दबाव और भूख हड़ताल के बाद सोमवार देर शाम आयोग ने परिणाम घोषित किया। चयनित 163 उम्मीदवारों को अब 50 अंकों के साक्षात्कार में शामिल होना होगा। साक्षात्कार के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि नियुक्ति की शेष प्रक्रिया अब शीघ्र और बिना किसी विलंब के पूरी होगी।









