धनबाद । धनबाद के गोधर काली बस्ती में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक ने अपनी चचेरे बहन को गोली मार दी। यह घटना बुधवार रात केन्दुआडीह थाना क्षेत्र में हुई।

जानकारी के अनुसार, महिलाओं के बीच शुरू हुआ विवाद बाद में पुरुषों तक पहुँच गया। घटनास्थल पर मौजूद संगीता कुमारी ने बताया कि वह महिलाओं के बीच सुलह कराने पहुँची थीं, तभी उनके चचेरे भाई दीनदयाल कुमार ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से संगीता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल को तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है। गोलीबारी के बाद आरोपी दीनदयाल कुमार मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, हालाँकि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।