मॉडल कॉलेज राजमहल में द्वितीय सेमेस्टर का समापन
राजमहल। मॉडल कॉलेज राजमहल में झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय रांची द्वारा आयोजित डिप्लोमा पॉलीटेक्निक द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा-2026 का सोमवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ। परीक्षा 21 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया। केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थीं। पूरी परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन में केंद्राधीक्षक, परीक्षा नियंत्रक, वीक्षकों, महाविद्यालय कर्मियों एवं सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उल्लेखनीय है कि मॉडल कॉलेज राजमहल को जेयूटी की डिप्लोमा पॉलीटेक्निक चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा-2026 का भी केंद्र बनाया गया था। यह परीक्षा 19 से 24 अगस्त तक सफलतापूर्वक आयोजित हुई। इस तरह महाविद्यालय में लगातार दो सेमेस्टर की विश्वविद्यालय स्तरीय परीक्षाओं का सुचारु संचालन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. सिदाम सिंह मुंडा ने परीक्षा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना महाविद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। दोनों परीक्षाओं की ऑब्जर्वर सुश्री शम्मा शबनम नसीम ने परीक्षा केंद्र का नियमित निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा संचालन, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा का सफल संचालन सामूहिक प्रयास और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर की कामना की।










