बरियातू में जमीन कारोबारी टोनी लोहरा को गोली, रिम्स ICU में हालत गंभीर; लवकुश शर्मा गैंग का नाम जांच में सामने आया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

रांची: बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में रविवार देर रात जमीन और बालू कारोबारी टोनी लोहरा को बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी। गोली पेट में लगने के बाद टोनी लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रिम्स के सर्जरी आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, टोनी लोहरा अपने चार दोस्तों के साथ कार से मंडा बगीचा में पार्टी करने पहुंचा था। रात करीब 1:29 बजे बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और टोनी पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में लगी। वारदात के बाद हमलावर कुछ देर तक मौके पर मौजूद रहे और घायल टोनी को कथित तौर पर धमकाते रहे। इसके बाद दोनों फरार हो गए।

पुलिस जांच में लवकुश शर्मा का नाम आया सामने

घटना की सूचना मिलते ही बरियातू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुख्यात अपराधी लवकुश शर्मा की भूमिका की आशंका सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि उसके इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने देर रात तक पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। वहीं, लवकुश शर्मा की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

10 दिन पहले कराई थी 2 एकड़ जमीन की बाउंड्री

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि टोनी लोहरा ने करीब 10 दिन पहले रातू के झखराटांड़ इलाके में लगभग दो एकड़ जमीन की बाउंड्री कराई थी। इसके बाद जमीन को लेकर विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है।

इसके अलावा पार्टी के दौरान हुए कथित विवाद और आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

CCTV फुटेज से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश

पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों की पहचान करने में जुटी है। टोनी के साथ पार्टी में मौजूद चार युवकों से भी पूछताछ की जा रही है।

चार घंटे तक चला ऑपरेशन, शरीर से नहीं निकली गोली

टोनी लोहरा के पेट में गोली फंस गई है। गोली के शरीर में प्रवेश का निशान मिला, लेकिन बाहर निकलने का निशान नहीं मिला। इसके बाद रिम्स के डॉक्टरों ने गोली निकालने के लिए करीब चार घंटे तक ऑपरेशन किया। हालांकि, ऑपरेशन के दौरान गोली की सटीक लोकेशन का पता नहीं चल सका।

फिलहाल डॉक्टरों की टीम गोली की स्थिति का पता लगाने में जुटी है और टोनी का इलाज सर्जरी आईसीयू में चल रहा है।

लवकुश शर्मा पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार, लवकुश शर्मा के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। वर्ष 2022 में मोरहाबादी मैदान के पास अपराधी कालू लामा की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

फिलहाल पुलिस टोनी लोहरा पर हुए हमले की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जमीन विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें