जामताड़ा में चौकीदार भर्ती प्रक्रिया जल्द होगी पूरी, हाईकोर्ट के आदेश के बाद दस्तावेज सत्यापन की तैयारी तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जामताड़ा: जिले में चौकीदार सीधी भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है। उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला चौकीदार नियुक्ति समिति की बैठक हुई, जिसमें विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चल रही भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि भर्ती परीक्षा का परिणाम और मेधा सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। हालांकि, चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अभी बाकी है। मामला न्यायालय में चले जाने के कारण दस्तावेज सत्यापन का काम बीच में लंबित हो गया था।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रक्रिया में तेजी

उपायुक्त आलोक कुमार ने झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों और न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को नियमानुसार जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दस्तावेज सत्यापन समेत सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने को कहा।

समाचार पत्रों में प्रकाशित होगी दस्तावेज सत्यापन की सूचना

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन से संबंधित सूचना स्थानीय समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ ही सत्यापन से जुड़ी आवश्यक जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट Jamtara.nic.in पर भी अपलोड करने को कहा गया है, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर जानकारी मिल सके।

मेधा सूची के आधार पर होगा बीट निर्धारण

बैठक में चौकीदारों के बीट निर्धारण पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों का बीट निर्धारण जारी मेधा सूची के आधार पर निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए।

अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया में न्यायालय के आदेश और संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

चयनित अभ्यर्थियों में जगी नियुक्ति की उम्मीद

लंबे समय से लंबित चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया में अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है। दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें