परिजनों को घर जाकर दी सूचना, बावजूद इसके बुजुर्ग की सुध लेने अस्पताल नहीं पहुंचे परिजन
मेहरमा। पुलिस की वर्दी के पीछे छिपी मानवीय संवेदना की मिसाल बुधवार को मेहरमा में देखने को मिली। बेसुध अवस्था में पड़े करीब 80 वर्षीय दिव्यांग वृद्ध को मेहरमा पुलिस ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया। पुलिस ने बुजुर्ग के परिजनों के घर जाकर उन्हें उनकी स्थिति की जानकारी भी दी, लेकिन सूचना मिलने के बावजूद परिजन अस्पताल में उनकी सुध लेने नहीं पहुंचे। फिलहाल वृद्ध का इलाज मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात मेहरमा थाना क्षेत्र के पत्तिचक-पिरोजपुर स्थित राय कॉम्प्लेक्स के सामने दिलीप मिश्रा के घर के बरामदे के पास एक वृद्ध चौकी पर बेसुध अवस्था में पड़े थे। वृद्ध की स्थिति को देखते हुए दिलीप मिश्रा ने उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी पहचान और स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने मेहरमा पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक ब्रह्मा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वृद्ध की हालत गंभीर थी। वह न तो ठीक से चल पा रहे थे और न ही कुछ बोलने की स्थिति में थे। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान उनकी पहचान मेहरमा थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी मोहम्मद मुस्लिम के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने वृद्ध के परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें उनकी स्थिति से अवगत कराया। मिली जानकारी के अनुसार, वृद्ध किसी बात से नाराज होकर मंगलवार की रात घर से निकल गए थे। उनकी दयनीय स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने देर किए बिना उन्हें अपने वाहन से मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. ऋषभ की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।
सूचना के बाद भी अस्पताल नहीं पहुंचे परिजन
पुलिस की ओर से परिजनों को सूचना दिए जाने के बावजूद वृद्ध की देखभाल के लिए किसी परिजन के अस्पताल पहुंचने की जानकारी नहीं मिली। इस स्थिति ने बुजुर्ग की देखभाल और पारिवारिक जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, परिजनों के अस्पताल नहीं पहुंचने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अक्सर पुलिस की कार्यशैली को लेकर विभिन्न सवाल उठते रहते हैं, लेकिन मेहरमा पुलिस की इस पहल ने मानवीय संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा की एक अलग तस्वीर पेश की है। असहाय अवस्था में पड़े वृद्ध को अस्पताल पहुंचाना और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाना पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस कार्य की सराहना की।









