संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता।
मंडरो। एफएलएन एवं सामाजिक-भावनात्मक अधिगम कार्यक्रम के तहत सोमवार को मंडरो प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण एवं अनुश्रवण नीति आयोग के विकास शर्मा एवं रजिया उमर ने किया। इस दौरान टीम ने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न योजनाओं तथा बच्चों के सीखने की प्रक्रिया का जायजा लिया।नीति आयोग की टीम ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़ा गडरा रंगरा टोला, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कौड़ीखुटना एवं पीएम श्री उच्च विद्यालय मिर्जाचौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में एफएलएन एवं एसईएल कार्यक्रम के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली गई। टीम ने बच्चों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं सीखने के स्तर को समझने का प्रयास किया। साथ ही शिक्षकों से कक्षा संचालन, बच्चों की उपस्थिति, शिक्षण पद्धति व विद्यालय में संचालित अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस क्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी से भी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विद्यालयों में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली गई। टीम ने विद्यालयों में बच्चों के बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं भावनात्मक विकास पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। अनुश्रवण के दौरान विद्यालय स्तर पर संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी एवं सुझाव भी दिए गए। अधिकारियों ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाए तथा प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता पर विशेष ध्यान दिया जाए। मौके पर बीपीओ मोहम्मद एहसान अहमद, बीआरपी क्लाइमेट सोरेन, सीआरपी मोहम्मद सनाउल्लाह अंसारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीकांत द्विवेदी, रामनारायण चौधरी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।










