साहिबगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार की रात चैती दुर्गा सकरूगढ़ स्थित एनआरपी सेंटर में झारखंड लेखक संघ की ओर से एक ऐतिहासिक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन मेजर संजय कुमार सिंह ने किया। जबकि सहयोग रेलवे अधिकारी अभिमन्यु कुमार और प्रो. सुबोध कुमार झा ने दिया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार से आए नामचीन कवि एवं कवयित्रियों ने ओज, हास्य-व्यंग्य, ग़ज़ल और श्रृंगार रस की प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. सुबोध झा की सरस्वती वंदना वागीश्वरी मां शारदे से हुई। उन्होंने सूत्रधार के रूप में सभी साहित्यकारों और अतिथियों का परिचय भी कराया। मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. अरविंद प्रसाद सिंह और विशिष्ट अतिथि ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कवियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मेजर संजय कुमार सिंह ने किया, जिन्होंने हास्य-व्यंग्य रचनाओं से भी श्रोताओं को खूब हंसाया। काव्य प्रस्तुति देने वालों में रांची से चंदन प्रजापति, शालिनी साहिबा, अमन प्रियदर्शी, शिवांगी कुमारी, देवघर से अमन निराला, पटना से श्रृंगार रस के कवि अभिनाश बंधू और दुमका से लिटिल विश्वास तथा अन्य ग़ज़लकारा शामिल थे। रेलवे मालदा डिवीजन के अधिकारी अभिमन्यु कुमार ने बेटियां विषय पर अपनी रचना सुनाकर सबका मन मोह लिया। शहर के गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने इस विराट कवि सम्मेलन का आनंद लिया। आयोजकों का कहना था कि साहिबगंज में इस स्तर का आयोजन पहली बार हुआ है और भविष्य में भी ऐसे साहित्यिक कार्यक्रम नियमित रूप से होंगे। कार्यक्रम में प्रो. अरविंद प्रसाद सिंह, राजेश अग्रवाल अध्यक्ष, अंकित केजरीवाल सचिव, विवेक कुमार कोषाध्यक्ष, जाहिद खान सहसचिव, अजय डोकानियां सहसचिव, विद्यालय के प्राचार्य मनोज झा, विरेंद्र सिंह, प्रो. प्रदीप झा, प्रो. सुनील, आरके. रौशन, कृष्णा साह, अनिकेत सिंह, सैनिक संघ के सदस्य तथा पत्रकार नवीन कुमार, अमित कुमार, सुनील ठाकुर, रबनवाज आलम, सुभाष मोदी, सुमन झा सहित कई लोग मौजूद थे।
