रांची। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद उनका मोरहाबादी स्थित सरकारी आवास अब उनकी पत्नी रूपी सोरेन के नाम आवंटित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भवन निर्माण विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया है। गुरुजी की ही तरह रूपी सोरेन को भी यह आवास आजीवन के लिए दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सरकार ने यह आवास गुरुजी को आवंटित किया था। तब से लेकर 4 अगस्त 2024 को उनके निधन तक वे इसी आवास में रहते रहे। अब उनकी विधवा रूपी सोरेन वहीं रहेंगी।
इधर, झारखंड आंदोलन के महानायक रहे गुरुजी के जीवित रहते ही राज्य सरकार ने उनके मोरहाबादी आवास को हेरिटेज बिल्डिंग के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया था। लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से इस आवास को ऐतिहासिक महत्व के अनुरूप संजोने का काम चल रहा है। इसमें गुरुजी की जीवनी, रहन-सहन और आंदोलन में उनकी भूमिका को प्रदर्शित करने की योजना है।
गुरुजी के निधन के बाद सरकार का यह कदम न केवल उनकी विरासत को संरक्षित करने की दिशा में है बल्कि उनके परिवार को भी सम्मान देने का प्रयास माना जा रहा है।