सिसई में कांग्रेस का संवाद सम्मेलन, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर दिया गया जोर

गुमला। जिले के सिसई प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा ग्राम पंचायत कांग्रेस पदाधिकारियों का संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की मुख्य रूप से मौजूद रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना बताया गया।

अपने संबोधन में बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस को भीड़ इकट्ठा करने वाले कार्यकर्ताओं की नहीं, बल्कि संघर्षशील नेताओं की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सीधे ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़ें और जनता के बीच जाकर काम करें। “जब तक जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को साझा नहीं करेंगे, तब तक लोग हमारे साथ नहीं आएंगे,” उन्होंने कहा।

प्रदेश प्रभारी के. राजू ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार संगठन को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं को हल करने के प्रयास में लगे हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इतनी ताकतवर स्थिति बनाएं कि गठबंधन की अन्य पार्टियां खुद कांग्रेस को सीटें देने के लिए मजबूर हो जाएं।

राजू ने यह भी स्वीकार किया कि गुमला जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक हैं। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक स्तर पर मजबूती लाकर इस स्थिति को बदला जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, भाजपा पर चुनावों में वोट चोरी का आरोप भी दोहराया गया।

Leave a Comment