सेवा में बलिदान को सलाम : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत कर्मियों के परिजनों को सौंपा 1-1 करोड़ का चेक

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के तीन दिवंगत कर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक सम्मानपूर्वक प्रदान किया। यह राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विशेष बीमा योजना के तहत दी गई है। दिवंगत कर्मियों में कांस्टेबल स्व. अजीत कुमार (जिला पुलिस बल, गुमला), आरक्षी स्व. अनिल कुमार झा (जिला पुलिस बल, सरायकेला) और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक स्व. सुशील कुमार मरांडी (जामताड़ा) शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सेवा के दौरान दिवंगत हुए कर्मियों के परिवारों के साथ राज्य सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “दिवंगत कर्मियों के परिजनों को ससम्मान उनका पूरा हक और अधिकार देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। परिजनों ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि यह सहायता न केवल परिवार की आजीविका को सहारा देगी, बल्कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य को भी सुरक्षित करेगी। कार्यक्रम में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया झारखंड के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment