महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण व गोष्ठी के साथ हुई शुरुआत
साहिबगंज।
झारखंड राजभाषा साहित्य अकादमी एवं मनोरंजन भोजपुरी साहित्य परिषद के तत्वावधान में पहली बार मनाए जा रहे 42वां साहिबगंज ज़िला स्थापना दिवस का दो दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुआ। इसकी शुरुआत बघवा कुंआ स्थित भूतपूर्व सैनिक संघ के जिला अध्यक्ष तेज नारायण राय के नेतृत्व में शहीदों को माल्यार्पण के साथ हुई। इसके उपरांत महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद, डॉ भीमराव अंबेडकर, सरदार पटेल, वीर कुंवर सिंह, सिदो-कान्हू, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस व अन्य महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहीं सिदो-कान्हू स्टेडियम में साहिबगंज, प्रकृति पर्यावरण और पर्यटन विषय पर विचार गोष्ठी हुई। मौके पर आयोजन समिति संयोजक डॉ सचिदानंद, चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कालिदास पाठक, अनवर अली, संतोष सिंह, जाहिद खान, अनूप लाल हरि, विभूति पांडेय सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
सम्मान समारोह, काव्य गोष्ठी व पुस्तक लोकार्पण आज
रविवार को
शहर के सकरुगढ़ स्थित प्रयागराज भवन में सुबह 10 बजे से सम्मान समारोह, पुस्तक लोकार्पण व संध्या में काव्य गोष्ठी होगी। इस अवसर पर अनिरूद्ध प्रभास को साहित्य के क्षेत्र में बाबू हरिश्चंद्र साहित्य सम्मान, जयदीप शेखर को आचार्य शिववालक राय स्मृति सम्मान, देव तिवारी को पंडित मदन मोहन मालवीय सम्मान, निम्मी सिन्हा को छाप कल के चित्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए डॉक्टर रामदयाल मुंडा सम्मान, एकता राय को आचार्य नंदलाल बसु सम्मान एवं योगेश यादव को खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जयपाल सिंह मुंडा सम्मान प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति के संयोजक डॉ सच्चिदानंद ने बताया कि समरोह में पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के कुलाधिपति डॉ राम जन्म मिश्र, बीएसके कॉलेज के प्राचार्य डॉ बसंत कुमार गुप्ता, ऋषि मिशन के निदेशक ऋषि कुमार गुप्ता उर्फ ऋषि मुख्य अतिथि हैं।