संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
जामताड़ा : शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड कार्यालय, फतेहपुर में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हिदायत मियां ने की, जबकि प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो एवं महासचिव वकील सोरेन प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान फतेहपुर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए इम्तियाज़ अंसारी ने निज़ाम मियां के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही निज़ाम मियां को फतेहपुर पंचायत अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष अशोक महतो ने कहा कि, नवचयनित पंचायत अध्यक्ष संगठन की मजबूती और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। उनका चयन पार्टी की एकता और विश्वास का प्रतीक है। वहीं सचिव वकील सोरेन ने कहा कि, निज़ाम मियां जैसे समर्पित कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए एक सकारात्मक संकेत है। हमें विश्वास है कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर पंचायत के समग्र विकास में योगदान देंगे।नवचयनित पंचायत अध्यक्ष निज़ाम मियां ने सभी साथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि, यह जिम्मेदारी मेरे लिए गर्व की बात है। मैं पार्टी की नीतियों पर चलकर सभी के साथ मिलकर फतेहपुर पंचायत के विकास के लिए काम करूंगा। इस मौके पर रशीद मियां, अनाउल अंसारी, मसरुद्दीन अंसारी, परमानंद मंडल, मंज़ूर मियां, मिठू मियां, विमल मंडल, सुकुमार बाउरी, रजाउल अंसारी, शमशेर अंसारी, असगर अंसारी, इम्तियाज़ अंसारी, सईम अंसारी समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने को लेकर भी चर्चा हुई।