अभाविप झारखंड के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से अपने दायित्वों से दिया इस्तीफा, संगठन में पक्षपात और मूल विचारधारा से भटकने का लगाया आरोप

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची:झारखंड प्रदेश में
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं न सामूहिक रूप से अपने सभी दायित्वों से त्यागपत्र दे दिया। यह निर्णय संगठन में लगातार हो रहे पक्षपात, विचारधारा से भटकाव, जातिवाद और योग्यता की अनदेखी के चलते लिया गया है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि संगठन में चापलूसी करने वालों को ही अवसर दिए जा रहे हैं, जबकि ईमानदारी और समर्पण के बावजूद मेहनतकश कार्यकर्ताओं को हाशिए पर धकेला जा रहा है।इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं में राँची महानगर सह-मंत्री सतीश केशरी ने बताया कि अभाविप एक महान विचारधारा पर आधारित छात्र संगठन है, जिसने वर्षों से राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य किया है। लेकिन झारखंड में इसे चलाने वाले कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ, जातिगत सोच और राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहे हैं। इससे संगठन की छवि और उद्देश्य दोनों को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही संगठन अब उन मूल्यों से दूर जा चुका है, जिनके लिए उन्होंने वर्षों तक समर्पण के साथ कार्य किया।इस कड़ी में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन साहू ने कहा कि “हमने संगठन को अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष दिए, छात्र हितों की लड़ाई लड़ी, विश्वविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं को लेकर आंदोलन किए। लेकिन आज हमें इस कदर अनदेखा किया गया कि इस्तीफा देना ही एकमात्र विकल्प बचा।” अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बताया कि अब संगठन के निर्णय कुछ वरिष्ठ लोगों की व्यक्तिगत पसंद-नापसंद पर आधारित हैं, और आम कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया जा रहा है।
इस सामूहिक इस्तीफे के पीछे कार्यकर्ताओं की यह भी शिकायत रही कि संगठन में राजनीति कर रहे बाहरी लोगों को दायित्व दिए जा रहे हैं, जिससे छात्र हितों की उपेक्षा हो रही है। विश्वविद्यालयों में भी अपने परिचितों को प्राथमिकता देना एक आम प्रवृत्ति बन गई है।
हम सभी कार्यकर्ता यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमारा विरोध ABVP की मूल विचारधारा से नहीं, बल्कि झारखंड में उसे संचालित करने वाले कुछ लोगों के गलत रवैये और कार्यप्रणाली से है। हमें विश्वास है कि संगठन इस पर गंभीरता से विचार करेगा और भविष्य में ईमानदार, समर्पित कार्यकर्ताओं को उनका उचित सम्मान और स्थान मिलेगाराँची महानगर अंतर्गत डीएसपीएमयू इकाई अध्यक्ष सतीश केशरी, इंस्टिट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के इकाई अध्यक्ष यश चौरसिया, इकाई मंत्री रिया सिंह, उपाध्यक्ष सचिन उपाध्याय, सिद्धांत श्रीवास्तव, राँची महानगर कार्यालय मंत्री प्रियांशु कुमार, महिला महाविद्यालय की कार्यकर्ता रॉली कुमारी, राँची महानगर मीडिया संयोजक सौरव यादव,सोशल मीडिया संयोजक हर्ष केशरी, कुणाल केशरी, रितिक केशरी, अमन साहू, सोनल झा, सौरभ यादव सौम्या, नितीश,सोनू सहित सैकड़ों की संख्या में राँची महानगर अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों के दायित्वपूर्ण कार्यकर्ताओं सहित प्रदेश कार्यसमिति स्तर के कार्यकर्ताओं नें अभाविप झारखण्ड के प्रदेश कार्यालय में जाकर अपने-अपने दायित्व से सामूहिक त्यागपत्र दिया।

Leave a Comment