पाकुड़िया में धूमधाम से सम्पन्न हुआ रामनवमी पर्व, शोभायात्रा में उमड़ा भक्तों का उत्साह

पाकुड़िया

पाकुड़िया प्रखंड में रविवार को रामनवमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रखंड के विभिन्न गांवों में घर-घर में बजरंगबली का ध्वज स्थापित किया गया, वहीं पाकुड़िया बाजार स्थित हनुमान मंदिर और मोंगला बांध में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी का पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इस अनुष्ठान में यजमान और पुरोहितों द्वारा पूजा अर्चना की गई, और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती वंदना, यज्ञाहुति और भजन-कीर्तन किया। इसके बाद प्रसाद वितरण भी किया गया।

मान्यता के अनुसार, चैत माह की नवमी तिथि को ही भगवान राम का जन्म हुआ था, जिसे रामनवमी के रूप में मनाया जाता है। पंडित अरुण झा ने बताया कि हनुमान जी भगवान राम के परम भक्त थे, और भगवान राम ने अपनी भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें यह वरदान दिया कि उनके पूजन के साथ हनुमान जी की भी पूजा होगी।

इसके अलावा, फुलझिंझरी, बन्नोंग्राम, रामघाटी, चौकिसाल, लागडुम, तालवा, राजदाहा, खजुरडंगाल समेत अन्य गांवों में स्थित हनुमान मंदिरों में भी रामनवमी उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया।

पाकुड़िया में भव्य रामनवमी शोभायात्रा—

संध्याकाल में पाकुड़िया हनुमान मंदिर से भव्य झांकी के साथ रामनवमी का शोभायात्रा निकाला गया। यह शोभायात्रा पाकुड़िया बजरंगबली मंदिर से प्रारंभ होकर सिद्धू कानू मोड से होते हुए पाकुड़िया गांव का भ्रमण करती हुई पुनः मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में राम भक्त शामिल थे। यात्रा के दौरान कई मोहल्लों की महिलाओं और पुरुषों ने राम भक्तों पर पुष्प वर्षा की और विभिन्न चौक-चौराहों पर शरबत-पानी का भी इंतजाम किया गया।

इसके अलावा, शोभायात्रा में महिला और पुरुष राम भक्तों ने लाठी खेल का प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पाकुड़िया प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शोभायात्रा में बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, महेशपुर प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर बाबूराम भगत, थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी रोहित गुप्ता, त्रिदीप शील, महिला पुलिस बल और एंबुलेंस भी मुस्तैदी से तैनात थे।
समाचार भेजे जाने तक शोभायात्रा जारी थी और राम भक्तों में जोश और उत्साह साफ देखा जा रहा था।

Leave a Comment