असम में बड़ा रेल हादसा: डिगारू स्टेशन पर इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतरे, 50 यात्रियों के घायल होने की सूचना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

असम: असम के कामरूप (मेट्रो) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। मिजोरम से कोलकाता जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (13125) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, रेलवे की ओर से अब तक किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और जरूरतमंदों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से दूसरी ट्रेन का इंतजाम भी किया गया है।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हादसे की आशंका

रेलवे से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान गति पर नियंत्रण नहीं रह पाने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई, जिसके बाद इंजन समेत छह हिस्से पटरी से उतर गए। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने एएनआई को बताया कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू स्टेशन पर पटरी से उतरे। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

लोको पायलट केबिन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले और तकनीकी उपकरण नजर आ रहे हैं। इस दौरान लोको पायलट की आवाज सुनाई देती है, जिसमें सिस्टम के काम नहीं करने, सिग्नल फेल होने और इमरजेंसी की स्थिति का जिक्र किया जा रहा है।

वीडियो में एस9 और ए9 समेत अन्य सिस्टम के काम नहीं करने की बात भी सुनाई देती है। हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता और दुर्घटना से इसके सीधे संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

रेलवे ने शुरू किया राहत एवं जांच अभियान

दुर्घटना के बाद रेलवे की ओर से राहत-बचाव और परिचालन बहाली का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों की टीम हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा, उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने और रेलवे परिचालन सामान्य करने को प्राथमिकता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें