संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को अब दुर्घटना बीमा सुरक्षा का लाभ देने की तैयारी है। झारखंड ग्रामीण बैंक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार, राज्य की करीब 51 लाख लाभुक महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ दिया जा सकता है। इसका प्रीमियम बैंक अपने खर्च पर वहन करेगा।
झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रस्ताव में कहा है कि मंईयां सम्मान योजना की सभी लाभुक महिलाओं को बैंक से जोड़ने की पहल की जाएगी। इसके तहत उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ा जाएगा। बैंक ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि लाभुकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के एक वर्ष बाद अपने खर्च पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ देने पर भी विचार किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण के साथ सामाजिक सुरक्षा पर जोर
बैंक का मानना है कि महिला सशक्तिकरण केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं होना चाहिए। महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, संस्थागत ऋण और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने के बाद महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ विभिन्न वित्तीय सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगी।
अब तक 30 हजार महिलाओं को मिला करीब 251 करोड़ रुपये का ऋण
झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन बरियार के अनुसार, मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बैंक लगातार प्रयास कर रहा है। अब तक करीब 30 हजार लाभुक महिलाओं को लगभग 251 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
इस राशि से महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ा रही हैं। बैंक का प्रयास है कि योजना की लाभुक महिलाओं को ऋण सुविधा के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी जोड़ा जाए।
अगस्त 2024 में शुरू हुई थी मंईयां सम्मान योजना
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत अगस्त 2024 में हुई थी। योजना के शुरुआती तीन महीनों में लाभुक महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये दिए गए। इसके बाद दिसंबर 2024 से सम्मान राशि बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई।
सरकार का कहना है कि इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतों के साथ स्वरोजगार और आजीविका संबंधी गतिविधियों में मदद मिल रही है। वहीं, विपक्ष इस योजना के खर्च और इसके कारण अन्य कल्याणकारी एवं विकास कार्यों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सवाल उठाता रहा है।
फिलहाल झारखंड ग्रामीण बैंक की ओर से भेजा गया दुर्घटना बीमा और जीवन बीमा का प्रस्ताव है। इसके लागू होने को लेकर अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।









