पलामू में विसर्जन जुलूस के दौरान दो जगह हिंसक झड़प, पुलिस पर पथराव; 4 जवान घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद के बाद पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें चार जवान घायल हो गए। वहीं, सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में काली पूजा विसर्जन के दौरान भी दो पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी हुई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने संबंधित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

रकसाहा में डीजे को लेकर विवाद, पुलिस पर पथराव

रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में सोमवार रात लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे और अन्य कारणों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।

सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड फायरिंग की।

पथराव में चार पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस की एक सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।

थाना प्रभारी ने की पुष्टि, गंभीर धाराओं में प्राथमिकी

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पर पुलिस बीच-बचाव करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें चार जवान घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस जांच कर रही है।

फिलहाल रकसाहा में स्थिति शांतिपूर्ण है। विवाद शांत होने के बाद प्रतिमा का विसर्जन भी करा दिया गया। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

सिंदुरिया में काली पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्ष भिड़े

इधर, सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि गांव में एक पक्ष पहले से काली पूजा का आयोजन करता रहा है, जबकि इस वर्ष दूसरे पक्ष ने पहली बार पूजा का आयोजन किया था।

डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, पहली बार पूजा आयोजित करने वाले पक्ष ने अपनी प्रतिमा का विसर्जन कर दिया था। वहीं, पुराने पूजा आयोजक पक्ष के लोग विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई।

बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव, दो वाहन क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी राजेश यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।

पलामू में एक ही रात दो स्थानों पर हुई हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क है। दोनों क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें