संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जामताड़ा: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को बीती रात जामताड़ा में ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस की कथित देरी को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप था कि हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने से घायलों को परेशानी उठानी पड़ती है।
दरअसल, गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पबिया के केंदुआडीह के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 24 वर्षीय आकाश सोरेन की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब साढ़े आठ बजे सड़क जाम कर दिया। वे मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग कर रहे थे। करीब चार घंटे तक हाईवे जाम रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर लगभग पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मंत्री के सामने ग्रामीणों ने उठाया एंबुलेंस में देरी का मुद्दा
घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताईं। लोगों का आरोप था कि हादसे के करीब दो घंटे बाद भी एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पुलिस आम वाहनों की जांच और सड़क सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं देती, जबकि बालू लदे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई पर अधिक जोर रहता है। ग्रामीणों के विरोध के बीच मंत्री को मौके से लौटना पड़ा।
बाद में पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन और तत्काल आर्थिक सहायता मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया।
जामताड़ा में लगातार हो रहे सड़क हादसे
जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। उसी रात जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मोड़ के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर में नारायणपुर थाना क्षेत्र के खरगोकुड़ी निवासी गांधी मासी कॉल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, सोमवार दोपहर फतेहपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया के पास हुई सड़क दुर्घटना में कठबरारी, कर्माटांड़ स्थित मध्य विद्यालय के पारा शिक्षक चेतलाल मंडल की मौत हो गई।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।









