हिरणपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई जेटेट-2026 की परीक्षा, छह केंद्रों पर प्रशासन की निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]



होटल और लॉज में भी पुलिस ने चलाया जांच अभियान, मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद परीक्षार्थियों को मिला प्रवेश

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता, हिरणपुर।
संजय कुमार साहा की रिपोर्ट।

हिरणपुर प्रखंड में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 की पहली पाली की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रखंड के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की विशेष निगरानी रही।
निर्धारित समय के अनुसार सुबह नौ बजे तक परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। इसके बाद केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। परीक्षा में प्रवेश से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और प्रतिबंधित धातु की वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।


सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी, केंद्रों पर तैनात रहे अधिकारी



परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई थी। वहीं, परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल और बिजली की समुचित व्यवस्था की गई। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

परीक्षा से पहले होटल और लॉज में चला जांच अभियान

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन परीक्षा से एक दिन पहले ही सतर्क हो गया था। शनिवार की रात सीओ मनोज कुमार एवं एसआई गौतम कुमार के नेतृत्व में हिरणपुर के विभिन्न होटल और लॉज में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ठहरने वाले लोगों की जांच की गई। वहीं, रविवार को भी पुलिस पदाधिकारी और जवान परीक्षा केंद्रों के आसपास गश्त करते नजर आए।



प्रशासन ने शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने की कही बात

उड़नदस्ता दंडाधिकारी सह बीडीओ टुडू दिलीप ने बताया कि जेटेट परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें