पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प, दो पक्षों में मारपीट और जमकर पत्थरबाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पलामू: झारखंड के पलामू जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और जमकर पत्थरबाजी में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, पथराव में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। उपद्रव के दौरान पुलिस वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।

कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट और पत्थरबाजी

मिली जानकारी के अनुसार, काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंदू समुदाय के दो अलग-अलग वर्गों के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, पथराव में जवान भी घायल

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजेश यादव और सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। उपद्रव के दौरान पुलिस वाहन के शीशे भी टूट गए।

गांव में पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों के बीच आपसी झड़प के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पथराव में कई लोग और पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल घायलों की वास्तविक संख्या और विवाद में शामिल लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें