संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: दीपावली के दौरान हुई आतिशबाजी का असर झारखंड के कई शहरों की हवा पर देखने को मिला। रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो और गिरिडीह में वायु प्रदूषण के साथ ध्वनि प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया। रांची में दीपावली की रात हवा में पीएम-10 का अधिकतम स्तर 472 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया, जो सामान्य स्तर से करीब पांच गुना अधिक बताया गया है। इस दौरान शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 दर्ज किया गया।
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की एन्वायरनमेंटल इंजीनियर प्रतिभा प्रिया के अनुसार, दीपावली की रात पटाखों के कारण रांची में प्रदूषण का स्तर बढ़ा।
रांची में ध्वनि प्रदूषण भी मानक से काफी अधिक
रांची में ध्वनि प्रदूषण की निगरानी साइलेंस जोन और प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के मुख्यालय में की गई। आंकड़ों के अनुसार, सदर अस्पताल में रात का औसत ध्वनि स्तर 73.5 डेसीबल दर्ज किया गया, जबकि निर्धारित मानक 40 डेसीबल है।
वहीं, तुपुदाना स्थित देवनिका अस्पताल में रात का औसत ध्वनि स्तर 71.4 डेसीबल और प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के मुख्यालय में 70.5 डेसीबल रिकॉर्ड किया गया।
धनबाद में AQI 300 के पार, बैंक मोड़ में 104.5 डेसीबल तक पहुंचा शोर
धनबाद में भी दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा। बैंक मोड़, हीरापुर और बरटांड़ में किए गए सर्वेक्षण के दौरान बैंक मोड़ में अधिकतम ध्वनि स्तर 104.5 डेसीबल तक दर्ज किया गया।
वहीं, धनबाद में दीपावली की रात AQI 300 के पार पहुंच गया, जबकि पीएम-2.5 का अधिकतम स्तर 218 दर्ज किया गया।
बोकारो, गिरिडीह और जमशेदपुर भी प्रभावित
रांची और धनबाद के अलावा बोकारो, गिरिडीह और जमशेदपुर जैसे प्रमुख शहरी क्षेत्रों में भी आतिशबाजी के बाद वायु और ध्वनि प्रदूषण बढ़ने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, दीपावली के अगले दिन प्रमुख शहरों में हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया। प्रदूषण के इन आंकड़ों ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान आतिशबाजी से पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।









