संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। छठ व्रती और श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुट गए हैं। लेकिन इस बार छठ पूजा की तैयारी लोगों की जेब पर भारी पड़ती नजर आ रही है। पूजन सामग्री, मेवा, सूखे फल, मसाले, घी, गुड़, चीनी और फलों की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बाजार में पिछले साल की तुलना में पूजा से जुड़ी कई आवश्यक वस्तुएं 15 से 20 फीसदी तक महंगी हो गई हैं, जबकि कुछ सामानों के दाम में 40 से 80 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बाजार में सबसे अधिक बढ़ोतरी मेवा और सूखे फलों की कीमतों में देखने को मिल रही है। पिछले साल 700 रुपये प्रति किलो मिलने वाला अखरोट इस वर्ष 1000 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, छुहाड़ा 200 रुपये से बढ़कर 300 रुपये किलो, बादाम 800 रुपये से बढ़कर 1200 से 1500 रुपये किलो और छोटी इलायची 3500 रुपये से बढ़कर 5000 रुपये किलो तक पहुंच गई है। मखाना भी 1000 रुपये से बढ़कर 1200 से 1600 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मूंगफली की कीमत 150 रुपये से बढ़कर 200 रुपये किलो हो गई है। इसके अलावा धूप-धूमन 70 रुपये से बढ़कर 100 रुपये और सुपाड़ी 600 रुपये से बढ़कर 800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
दाल-चावल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी महंगी
छठ पूजा के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। चना दाल 100 रुपये से बढ़कर 110 रुपये किलो, चना 90 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो और गोल्डन आटा 55 रुपये से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गया है। इसी तरह घी की कीमत 650 रुपये से बढ़कर 710 रुपये किलो और गुड़ 60 रुपये से बढ़कर 80 रुपये किलो पहुंच गया है। चावल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। जायका चावल 75 रुपये से बढ़कर 85 रुपये किलो, जबकि स्टीम चावल 58 रुपये से बढ़कर 68 रुपये किलो बिक रहा है।
सेब, संतरा और आंवला के दाम में भी उछाल
पूजा में प्रसाद के रूप में चढ़ाए जाने वाले फलों की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले साल 50 रुपये किलो मिलने वाला आंवला इस वर्ष 70 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, सेब की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो हो गई है। संतरा भी 60 रुपये से बढ़कर 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। अमरूद की कीमत पिछले साल 80 रुपये किलो थी, जो इस वर्ष बाजार में 70 से 100 रुपये किलो तक मिल रहा है। हालांकि, पानीफल की कीमत में राहत है। पिछले साल 70 रुपये किलो मिलने वाला पानीफल इस वर्ष 50 रुपये किलो उपलब्ध है।
महंगाई के बीच बजट बिगड़ने की चिंता
छठ पूजा में सूप, डाला और प्रसाद के लिए विभिन्न प्रकार के फल, मेवा और पूजन सामग्री की खरीदारी करनी पड़ती है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से श्रद्धालुओं का पूजा बजट प्रभावित हो सकता है। लोक आस्था और श्रद्धा के इस महापर्व पर महंगाई ने आम परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। अब श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान बाजार में कीमतों में कुछ राहत मिलेगी, ताकि छठी मैया की पूजा की तैयारियां बिना अधिक आर्थिक बोझ के पूरी की जा सकें।









