गुमला/रांची: झारखंड की युवा सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की आत्महत्या के मामले में राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी। सरकार के इस फैसले के बाद मृतका के परिवार ने राहत जताते हुए न्याय मिलने की उम्मीद व्यक्त की है।
निशा भगत के पिता हंदू भगत ने सीबीआई जांच की अनुशंसा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है। उन्हें विश्वास है कि सीबीआई निष्पक्ष जांच कर उन लोगों को सामने लाएगी, जिन्होंने उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, सोशल मीडिया पर ट्रोल किया और कथित तौर पर आत्महत्या के लिए मजबूर किया। पिता ने उम्मीद जताई कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और उन्हें कानून के तहत सजा मिलेगी।
एसआईटी कर रही थी मामले की जांच
निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच अब तक डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही थी। पिता हंदू भगत की ओर से पिठोरिया थाने में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा फेसबुक लाइव वीडियो में निशा भगत की ओर से जिन लोगों का जिक्र किया गया था, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही थी।
मामले में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने जानकारी दी थी कि फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अब राज्य सरकार की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने के बाद मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
6 नवंबर को फेसबुक लाइव के बाद की थी आत्महत्या
गौरतलब है कि बीते 6 नवंबर को निशा कुमारी भगत ने फेसबुक लाइव के दौरान कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, जमीन माफियाओं द्वारा धमकी देने और पुलिस-प्रशासन पर उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने आदिवासी हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने की कीमत चुकाने की बात भी कही थी।
इसके बाद निशा ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के अगले दिन 7 नवंबर को उनके पिता ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। इस मामले में पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी को भी लाइन हाजिर किया गया था।
फिलहाल परिवार को उम्मीद है कि सीबीआई जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और निशा भगत को न्याय मिल सकेगा।









