संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
झारखंड: झारखंड की राजनीति, आदिवासी अस्मिता और सत्ता के बदलते समीकरणों पर आधारित पत्रकार, लेखक एवं शोधकर्ता डॉ. सोमनाथ आर्य की दो महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित इन पुस्तकों में झारखंड के ऐतिहासिक संघर्षों से लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा, गिरफ्तारी और सत्ता में वापसी तक के घटनाक्रम को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
हिंदी पुस्तक का नाम ‘हूल से हेमंत तक: आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ है, जबकि अंग्रेजी पुस्तक का शीर्षक ‘द इनविजिबल कूप: हेमंत सोरेन, झारखंड एंड द पॉलिटिक्स ऑफ पावर’ रखा गया है। दोनों पुस्तकों में झारखंड के इतिहास, आदिवासी समाज के संघर्ष, राजनीतिक घटनाक्रम और सत्ता के विभिन्न पहलुओं को अलग-अलग दृष्टिकोण से समेटा गया है।
संथाल हूल से झारखंड अलग राज्य आंदोलन तक का सफर
डॉ. सोमनाथ आर्य की हिंदी पुस्तक ‘हूल से हेमंत तक’ में झारखंड की ऐतिहासिक और सामाजिक संघर्ष यात्रा को प्रमुखता दी गई है। इसमें वर्ष 1855 के ऐतिहासिक संथाल हूल, अमर शहीद सिदो-कान्हू के विद्रोह, भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान और झारखंड अलग राज्य आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष से लेकर अलग झारखंड राज्य के गठन और उसके बाद प्रदेश की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों में आए बदलावों का भी विश्लेषण किया गया है।
इसके साथ ही जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, विस्थापन की समस्या तथा आदिवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी शामिल किया गया है। लेखक ने इन विषयों को हेमंत सोरेन के नेतृत्व और उनकी सरकार की नीतियों के संदर्भ में प्रस्तुत किया है।
अंग्रेजी पुस्तक में गिरफ्तारी से सत्ता में वापसी तक का घटनाक्रम
अंग्रेजी पुस्तक ‘द इनविजिबल कूप’ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड की राजनीति में हुए घटनाक्रमों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। इसमें 31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी, जेल में बिताए गए 149 दिनों, 28 जून 2024 को रिहाई, जुलाई 2024 में दोबारा मुख्यमंत्री पद संभालने और नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश तक की राजनीतिक यात्रा दर्ज की गई है।
पुस्तक में जांच एजेंसियों की भूमिका, संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की गई है। इसके अलावा हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन के साथ उनके पारिवारिक और मानवीय पक्ष को भी जगह दी गई है।
इसमें दिशोम गुरु शिबू सोरेन की राजनीतिक विरासत, मां के प्रति हेमंत सोरेन का लगाव और कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में पारिवारिक जिम्मेदारियों से जुड़े प्रसंग शामिल हैं। साथ ही कल्पना सोरेन की राजनीतिक सक्रियता, संकट के समय परिवार को संभालने में उनकी भूमिका और हेमंत सोरेन के व्यक्तिगत जीवन में आए बदलावों का भी उल्लेख किया गया है।
हिंदी पुस्तक 470 और अंग्रेजी पुस्तक 605 पन्नों की
डॉ. सोमनाथ आर्य के अनुसार, अंग्रेजी पुस्तक 605 पन्नों की है, जबकि हिंदी पुस्तक 470 पन्नों में प्रकाशित हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों पुस्तकों की विषयवस्तु एक-दूसरे से अलग है। दोनों में झारखंड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, आदिवासी अस्मिता, राजनीतिक संघर्ष और हेमंत सोरेन के राजनीतिक, सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
इन पुस्तकों के माध्यम से लेखक ने झारखंड के ऐतिहासिक आंदोलनों से लेकर वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तक की घटनाओं को दस्तावेजी रूप में सामने रखने का प्रयास किया है।









