संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
नई दिल्ली। मानसून सत्र के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को संसद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य और छात्रों को न्याय दिलाने की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी।
राहुल गांधी ने संसद परिसर से अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “सड़क हो या संसद – एक मुद्दा जो न थमेगा, न थमने देंगे। युवाओं का भविष्य, छात्रों को इंसाफ – पेपर लीक बंद हो, शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त हो और छात्रों के गुनहगार इस्तीफा दें।”

राहुल गांधी की साझा की गई तस्वीर में झारखंड से झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी नजर आ रही हैं। राहुल गांधी लगातार पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर हैं और छात्रों के हित में आवाज उठाने की बात कह रहे हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को राहुल गांधी प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। अब संसद पहुंचकर राहुल गांधी ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर उनकी लड़ाई सड़क से संसद तक जारी रहेगी।









