अश्लीलता पर रोक लगाने की मांग, झारखंडी क्षेत्रीय कलाकार सोसाइटी ने DC को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

झारखंडी क्षेत्रीय कलाकार सोसाइटी ने क्षेत्रीय भाषाओं और संस्कृति में बढ़ती अश्लीलता एवं फूहड़ता पर रोक लगाने की मांग को लेकर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को ज्ञापन सौंपा। सोसाइटी ने अश्लील और फूहड़ सामग्री परोसने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उपायुक्त ने मामले में जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कलाकारों ने कहा कि झारखंड की क्षेत्रीय भाषाएं और संस्कृति अपनी अलग पहचान और मिठास के लिए जानी जाती हैं। वरिष्ठ कलाकारों ने वर्षों की मेहनत से झारखंड की कला और संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाया है। ऐसे में वर्तमान पीढ़ी के कलाकारों की जिम्मेदारी है कि वे इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाएं और अश्लीलता व फूहड़ता जैसी प्रवृत्तियों से इसकी गरिमा को बचाएं।

9 भाषाओं और 24 जिलों के कलाकारों का समर्थन

सोसाइटी के अनुसार, झारखंड से अश्लीलता को खत्म करने के अभियान में राज्य की 9 भाषाओं और 24 जिलों के कलाकार एकजुट होकर समर्थन दे रहे हैं। इस पहल को पद्मश्री मुकुंद नायक, पवन रॉय, मोनू राज, मनोज शहरी, पंकज रॉय, अनीता बाड़ा, वर्षा लकड़ा, सरिता देवी, कवि किसन, नितेश कच्छप और विवेक नायक समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कलाकारों का समर्थन प्राप्त है।

सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग

कलाकारों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति के नाम पर अश्लील एवं फूहड़ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, कला और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें