रांची में दामाद का खूनी हमला, सास की मौत; पत्नी की हालत गंभीर, आरोपी फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची: रांची जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र के मंदरों गांव में मंगलवार को पारिवारिक विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सलमान अंसारी ने अपनी सास हकीमन खातून और पत्नी अफसाना खातून पर हमला कर दिया। घटना में सास की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, सलमान अंसारी और अफसाना खातून की शादी के बाद से ही पारिवारिक विवाद चल रहा था। मंगलवार को विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर सलमान ने घर में मौजूद अपनी सास और पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों के घायल होने के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हकीमन खातून को मृत घोषित कर दिया, जबकि अफसाना की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आरोपी की तलाश में छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार टुडू, बेड़ो डीएसपी और बेड़ो इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वारदात के बाद आरोपी सलमान अंसारी फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए विशेष टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद हमले की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें