नई दिल्ली। इंडिगो संकट और लगातार बढ़ते हवाई किरायों के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू उड़ानों की टिकट कीमतों पर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित कर दी है, जो 6 दिसंबर 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। नए नियम के अनुसार अलग-अलग दूरी के आधार पर अधिकतम किराया तय किया गया है।
जारी निर्देश के मुताबिक 0–500 किलोमीटर यात्रा पर अधिकतम किराया ₹7,500 होगा। 500–1000 किलोमीटर दूरी के लिए ₹12,000, 1000–1500 किलोमीटर के लिए ₹15,000 तथा 1500 किलोमीटर से अधिक यात्रा पर अधिकतम ₹18,000 तक का किराया लिया जा सकेगा। हालांकि इन दरों में UDF, PSF और टैक्स शामिल नहीं हैं।
सरकार के इस निर्णय को यात्रियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। हाल के दिनों में देश में हवाई किरायों में हुई बढ़ोतरी को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही थी। वहीं, उड्डयन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि यह कदम हवाई यात्रा को आम जनता के लिए सुलभ और नियंत्रित रखने में मदद करेगा।
नए प्रावधान लागू होने के बाद अब एयरलाइंस को कीमतें तय सीमा के भीतर ही रखनी होंगी, जिससे मनमानी दरें वसूले जाने पर अंकुश लगेगा।









